जंगल कौड़िया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के जिंदापुर गांव में जमीन के विवाद में मारपीट के मामले में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। सात जून की रात हुए विवाद में 62 वर्षीय रामा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी शनिवार देर रात मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस अलर्ट है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जयहिंद और संध्या देवी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक पक्ष की ओर से जयहिंद ने 9 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें मारपीट, हाथ में असलहा लेकर जान से मारने की धमकी और रामा के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप है। दूसरे पक्ष ने भी बुजुर्ग रामा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज दर्ज है। ग्रामीणों ने बताया कि रामा की मौत की सूचना मिलते ही दूसरे पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर भाग गए हैं।
परिजन के अनुसार, सात जून की रात करीब 11 बजे जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। इस दौरान रामा के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गए और खून बहने लगा। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को दोपहर करीब साढ़े पांच बजे शव गांव पहुंचा, जिसके बाद परिजन में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच पुत्रों को छोड़ गए हैं। स्थिति को देखते हुए पीपीगंज थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह और कैंपियरगंज थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई।
पुलिस की निगरानी में शव को रामघाट (जंगल कौड़िया) ले जाया गया, जहां शाम करीब छह बजे अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जा चुका है। क्षेत्र में वायरल एक वीडियो में टिनशेड तोड़ते लोग दिखाई दे रहे हैं, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। सीओ कैंपियरगंज अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।