महावीर छपरा। बेलीपार थाना क्षेत्र के श्रीपुरा गांव में बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार श्रीपुरा गांव निवासी दीपचंद चौधरी (75) बुधवार शाम करीब पांच बजे घर की छत से चावल नीचे उतार रहे थे। उसी दौरान तेज हवा और धूल के कारण वह सीढ़ी पर संतुलन नहीं बना सके। पैर फिसलने से वह नीचे गिर पड़े और उनके सीने में गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें संभालने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। बताया जा रहा है कि मृतक के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र छयबर बाहर रहकर पेंट-पॉलिश का कार्य करता है, जबकि छोटा पुत्र सत्यजीत घर पर रहकर खेती-बाड़ी संभालता है। बुजुर्ग की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।