बड़े आवासीय और मल्टीस्टोरी भवनों के पास स्थापित होंगे, 3000 लीटर होगी क्षमता
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। नगर निगम 1.90 करोड़ रुपये की लागत से शहर के आठ स्थानों पर मिनी भूमिगत कूड़ेदान लगाएगा। पहले चरण में इसे बेतियाहाता, सहारा आवासीय सेंटर, सहारा इस्टेट, जेमिनी गार्डेनिया, जैमिनी पैराडाइज, आर्किड ग्रीन जैसे भवनों के पास लगाया जाएगा। इसके पहले शहर में दो स्थानों पर मिनी भूमिगत कूड़ेदान लगाया गया था।
उप नगर आयुक्त डॉ. मणि भूषण तिवारी ने बताया इन भूमिगत कूड़ेदान को शहर के बड़े आवासीय और मल्टीस्टोरी भवनों के पास स्थापित किया जाएगा। इससे डोर-टू-डोर कचरा एकत्र करने से निगम को जहां राहत मिलेगी, वहीं मल्टी स्टोरी सोसाइटी में रहने वाले लोग स्वत: ही सूखा एवं गीला कचरा इन भूमिगत कूड़ेदान में डाल सकेंगे। इन डस्टबिन की क्षमता 3 क्यूबिक मीटर यानी 3000 लीटर होगी। सेमी अंडर ग्राउंड डस्टबिन भरने पर टेंडर पाने वाले फर्म के कर्मचारी डस्टबिन से बैग को निकाल कर एक बार में निस्तारण के लिए ले जाएंगे। इस गीले कचरे से कंपोस्ट का निर्माण होगा। इन डस्टबिन को जहां लगाया जाएगा, वहां प्रति फ्लैट या घर से यूजर चार्ज भी लिया जाएगा।