गोरखपुर। बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज में मानसिक रोग विभाग की ओपीडी को नई जगह स्थानांतरित कर दिया गया है। मंगलवार को एसआईसी डॉ. अशोक यादव ने पुराने बाल रोग विभाग के 100 नंबर वार्ड में शुरू हुई नई ओपीडी का उद्घाटन किया। अब यह ओपीडी भूमितल पर संचालित होगी, जो मरीजों और तीमारदारों के लिए सुविधाजनक होगा।
इससे पहले मानसिक रोग विभाग की ओपीडी नेहरू अस्पताल की पुरानी इमरजेंसी की पहली मंजिल पर संचालित होती थी। वहीं सर्जरी विभाग और ईएनटी विभाग की ओपीडी के साथ ही निशुल्क दवा वितरण केंद्र भी होने के कारण परिसर में दिनभर अत्यधिक भीड़ रहती थी। भीड़भाड़ के चलते मानसिक रोगियों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पहली मंजिल तक पहुंचने में भी बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को दिक्कत होती थी।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मानसिक रोग विभाग की ओपीडी को पुराने बाल रोग विभाग के खाली पड़े 100 नंबर वार्ड में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया। मंगलवार से वहां ओपीडी शुरू हो गई, जिससे मरीजों की पहुंच आसान हो गई है। साथ ही वार्ड की बैरिकेडिंग भी करा दी गई है, ताकि मरीजों के आवागमन और व्यवस्था को सुचारु रखा जा सके। उद्घाटन के दौरान मानसिक रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. तपस आइच सहित विभाग के अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।