कौड़ीराम। बांसगांव थाना क्षेत्र के कौड़ीराम-बांसगांव मार्ग पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से मालवाहक ई-रिक्शे पर बैठे सात वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसगांव पहुंचाया गया, जहां एक घायल की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, बांसगांव थाना क्षेत्र के ठठउर गांव निवासी जयहिंद कुमार अपने निजी मालवाहक ई-रिक्शा से सात वर्षीय पुत्र यश कुमार को लेकर कौड़ीराम क्षेत्र के चवरियां जा रहे थे। रास्ते में साईंताल और परसौना गांव के बीच पुल के पास सामने से आ रही गेहूं लदी तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में आगे बैठा यश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि यश सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। इसी दौरान गौरी खुर्द गांव निवासी विंध्याचल पासवान अपनी पत्नी इंदु और बेटी रागिनी के साथ बाइक से गगहा जा रहे थे। अचानक सामने हादसा देख बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सीएचसी बांसगांव पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों ने यश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल विंध्याचल पासवान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इंदु और रागिनी का प्राथमिक उपचार किया गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है। यश चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार में दो बहनें तान्या और तनुज व छोटा भाई शिवांग हैं।
कस्बा चौकी प्रभारी विकास सिंह भदौरिया ने बताया कि दुर्घटना में शामिल पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।