गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) का दायरा और बढ़ेगा। प्राधिकरण अब अपने क्षेत्र में दक्षिण दिशा में बांसगांव तक, पश्चिम में खजनी तक, उत्तर में कैंपियरगंज तक और पूरब में चौरीचौरा तहसील तक विस्तार करेगा। दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम गोरखनाथ मंदिर में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान इस संबंध में निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी अनियोजित विकास हो रहा है, उसे रोका जाए। जीडीए के क्षेत्र को और बढ़ाया जाए तथा उस दायरे में आने वाले क्षेत्रों में सुनियोजित तरीके से ढांचागत विकास किया जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जीडीए जल्द ही सीमा विस्तार को लेकर प्रस्ताव तैयार कर सकता है।
पिछले साल ही जीडीए ने अपनी सीमा का विस्तार किया था जिसके बाद अब प्राधिकरण का दायरा 642 वर्ग किलोमीटर का हो चुका है। इसमें 319 राजस्व गांव शामिल है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सीईओ गीडा से निवेश के बारे में पूछा। उन्होंने लैंड बैंक बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि धुरिपायार क्षेत्र में अनुपजाऊ भूमि का अधिग्रहण शुरू किया जाए।
सीईओ ने बताया कि गीडा द्वारा इस क्षेत्र की महायोजना तैयार की जा रही है। जल्द ही भूमि का अधिग्रहण भी होगा। यहां करीब 8800 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की भी प्रगति पूछी। उन्होंने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय, सैनिक स्कूल एवं प्रमुख सड़कों का निर्माण तेजी से किया जाए। काम में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
नियमित रूप से इसकी निगरानी की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से इस्लामियां कॉलेज ऑफ कामर्स के परिसर में हुई घटना के बारे में भी जानकारी ली। बैठक में एडीजी जोन अखिल कुमार, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त अविनाश सिंह, सीईओ गीडा पवन अग्रवाल, जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर, सचिव उदय प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।