बीमार बेटे को डॉक्टर को दिखाने कैंपियरगंज जा रहे बाइक सवार दंपती को रविवार दोपहर पीपीगंज बाईपास पर तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से कुचल दिया। हादसे में मखनहा टोला रबेलिया निवासी फर्नीचर मिस्त्री राजू यादव (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी रंभा देवी (35) ने जंगल कौड़िया सीएचसी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के समय उनका 12 वर्षीय बेटा आदर्श मामा के साथ दूसरी बाइक से आगे निकल गया था। राजू यादव रविवार को पत्नी रंभा के साथ बाइक से कैंपियरगंज क्षेत्र के इंदरपुर जा रहे थे।
उनका बेटा आदर्श बीमार था। उसे डॉक्टर को दिखाने के लिए वह अपने मामा के साथ दूसरी बाइक से दंपती से आगे निकल गया था। अपराह्न करीब तीन बजे गोरखपुर-सोनौली हाईवे के पीपीगंज बाईपास पर वन विभाग चौकी के सामने पीछे से आए डंपर ने राजू की बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद डंपर दोनों को रौंदता हुआ कैंपियरगंज की ओर भाग निकला। राजू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रंभा गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पीपीगंज पुलिस और सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने घायल महिला को जंगल कौड़िया सीएचसी भेजा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ अनुराग सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक कब्जे में ले ली है। ग्रामीणों के अनुसार राजू के हेलमेट नहीं पहना था। डंपर और चालक की पहचान के लिए पुलिस बाईपास और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
तीन बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
राजू और रंभा के तीन बच्चे हैं। इनमें आदर्श (12), आस्था (8) और रिया (6) हैं। आदर्श के मामा के साथ दूसरी बाइक से आगे निकल जाने के कारण उसकी जान बच गई। माता-पिता की मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में भी शोक है।