फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर में दुर्गापूजा को लेकर जिला प्रशासन ने जारी किया दिशा निर्देश, इन नियमों का करना होगा खास पालन

Wed, 14 Oct 2020 09:44 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

  • सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिमा स्थापित करने पर रोक
  • पंडाल के प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर, थर्मल स्कैनर और मास्क रखना जरूरी
  • दुर्गा पंडाल में आइसोलेशन रूम बनाना होगा, सीसीटीवी कैमरे लगवाने होंगे
  • मूर्ति स्थापना और जुलूस निकालने के लिए प्रशासन से लेनी होगी अनुमति 
विज्ञापन
प्रशासनिक अधिकारी व बैठक में शामिल लोग। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दुर्गापूजा में इस बार सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिमाओं की स्थापना नहीं की जा सकेगी। मूर्तियों की स्थापना खाली स्थानों (मैदान) में ही करना होगा। शासन की तरफ से गाइड लाइन जारी होने के पांच दिन बाद जिला प्रशासन ने दुर्गापूजा, दशहरा, दिवाली और छठपूजा जैसे प्रमुख हिंदू त्योहारों के आयोजन के संबंध में मंगलवार को दिशा निर्देश जारी किया।

विज्ञापन


निर्देश के मुताबिक मूर्ति छह फीट से अधिक ऊंची नहीं होगी। दुर्गापूजा की तरह हाल के दिनों में पड़ने वाले अन्य त्योहारों के दौरान भी कोरोना प्रोटोकॉल के तहत जारी प्रशासन की गाइडलाइंस का पालन करना होगा।

एनेक्सी भवन सभागार में डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने मंगलवार को पूजा समितियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें डीएम ने कहा कि पूजा समितियों को दुर्गा पंडालों में अनिवार्य तौर पर आइसोलेशन रूम बनाना होगा और सीसीटीवी कैमरे लगवाने होंगे। प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर, थर्मल स्कैनर और मास्क रखने होंगे। मूर्ति स्थापना और जुलूस के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।

विज्ञापन

ट्रक व ट्रैक्टर ट्राली से नहीं कर सकेंगे मूर्ति विसर्जन

शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक में डीएम ने कोविड-19 के मद्देनजर तय शर्तों के साथ ही त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता जीवन की रक्षा करना है। जान है तो जहान है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की रक्षा करना हम सबका दायित्व है, त्योहार हर वर्ष आएगा। त्योहारों को कोविड-19 महामारी से बचाव को ध्यान में रखते हुए ही सबको मनाना है।
 
डीएम ने बताया कि मूर्ति विसर्जन ट्रैक्टर ट्राली और ट्रक की बजाए छोटी गाड़ियों से करना होगा। विसर्जन के दौरान भीड़ कम रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना से स्वयं और दूसरों को भी बचाएं, बचाव ही इसका इलाज है।
 
पूजा पंडाल के पास जागरूकता संबंधी बैनर-पोस्टर लगाने होंगे
डीएम ने कहा कि पूजा पंडाल के पास कोविड-19 से बचने के उपायों से संबंधित पोस्टर-बैनर लगाएं जाएं तथा यथासंभव ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रचार-प्रसार कर लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक किया जाए। डीएम ने नगर निगम व बिजली निगम के अफसरों को साफ सफाई, विद्युत/जलापूर्ति अनवरत बनाए रखने तथा जर्जर व ढीले तार एवं पोल को प्रमुखता के आधार पर ठीक करने के साथ ही सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश भी दिया।
विज्ञापन

सौहार्द बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटेगी पुलिस: एसएसपी

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगेंद्र कुमार ने कहा कि जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस निरंतर तत्पर है। शासन द्वारा प्रतिबंध के साथ त्योहार मनाने की छूट दी गयी है। उसका अनुपालन किया जाए। सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीडीओ इंद्रजीत सिंह, एडीएम सिटी आरके श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन डॉ. चतुर्भुजी गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपी सिटी, एसपी नार्थ, एसडीएम, सीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य डॉ. सुधाकर पांडेय, आदिल अमीन, सरदार बलबीर सिंह, सलमानी, किरन चंद गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें