अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) ने नए वर्ष की तैयारी पूरी कर ली है। एक जनवरी को भारी भीड़ को देखते हुए टिकट काउंटर की संख्या बढ़ाकर आठ कर दी गई है। आम दिनों में चार काउंटर होते हैं।
चिड़ियाघर के उप निदेशक डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि वन विभाग के रेंज अधिकारी, वन दारोगा और अन्य कर्मचारी परिसर में तैनात रहेंगे। अधिकारी भ्रमणशील रहेंगे जबकि दारोगा और कर्मचारी वन्यजीवों के बाड़े के बाहर तैनात रहेंगे ताकि कोई भी बाड़े में प्रवेश न कर सके और वन्यजीवों को कोई परेशानी न हो। पहली जनवरी को 30 से 50 हजार दर्शक पहुंच सकते हैं, जिनमें देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज और संतकबीरनगर के लोग भी शामिल होंगे। भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन से सहयोग लिया जाएगा। चिड़ियाघर में रंग-रोगन का कार्य भी चल रहा है। दर्शकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था भी की गई है। डॉ. योगेश ने बताया कि इस साल ऑनलाइन टिकट प्रणाली से भीड़ नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।