बाएं आशीष गुप्ता और दाएं अमित गुप्ता। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले में एनडीपीएस एक्ट में फरार चल रहे दवा कारोबारी अमित गुप्ता उर्फ रिंकू और आशीष गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। गुप्ता बंधुओं के खिलाफ सात अगस्त को केस दर्ज हुआ था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
पेशेवर बदमाश नहीं, फिर भी 20 दिन से पुलिस को छका रहे गुप्ता बंधु
नशीली दवा के मामले में नामजद गुप्ता बंधुओं आशीष व अमित गुप्ता पेशेवर बदमाश तो नहीं, फिर भी पुलिस को 20 दिन से छका रहे हैं। 15-15 हजार के इनाम के बाद इनपर 25-25 हजार का इनाम कर दिया गया है। इन बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगी हैं, लेकिन अभी तक कोई ऐसा सुराग हाथ नहीं लगा है। उधर, डीआईजी जे रविंद्र गौड़ ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पूरे गिरोह के भंडाफोड़ का निर्देश दिया है।
पुलिस के मुताबिक, गुप्ता बंधुओं के सीडीआर मिलने के बाद गिरोह से जुड़े कुछ अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। इन सबकी भूमिका की जांच की जा रही है। खबर है कि नेपाल में सब छिपे हैं। दरअसल, सात अगस्त को ही गीडा थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने छह आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपियों को नहीं दबोच पाई थी। इसी बीच एसएसपी ने नाराजगी जताई और टीमें गठित करके एसपी नार्थ को निगरानी की जिम्मेदारी दे दी। इसके बाद पुलिस ने तलाश तेज की, लेकिन कोई नतीजा सामने नहीं आया।
डीआईजी जे रविंद्र गौड़ ने कहा कि मामला गंभीर है। प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही पूरे गिरोह के भंडाफोड़ का निर्देश दिया गया है। पुलिस को निर्देशित किया गया है कि जल्द ही गिरफ्तारी की जाए।