डोमिनगढ़ से खलीलाबाद तथा कुसम्ही से बैतालपुर तक 82 किमी लंबी नई रेल लाइन बिछाने के लिए ड्रोन सर्वे किया जाएगा। रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सर्वे के बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद रेल लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। नई लाइन के बिछने से ट्रेनें सरपट दौड़ेंगी, उन्हें रेल ट्रैक खाली होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
रेलवे ने पहले डोमिनगढ़ से कुसम्हीं तक तीसरी नई रेल लाइन बिछाने की योजना बनाई थी। लेकिन, जरूरत के हिसाब से इसे विस्तार दे दिया गया। जिसके बाद डोमिनगढ़ से खलीलाबाद तक 30 किलोमीटर तक तीसरी लाइन के सर्वे के लिए 60 लाख रुपये और कुसम्ही से बैतालपुर तक 29.7 किमी तक तीसरी लाइन के सर्वे के लिए 59 लाख रुपये मिले हैं।
खलीलाबाद से बैतालपुर के बीच तीन नदियों आमी, राप्ती और रोहिन पर चार बड़े पुल बनाए जाएंगे। ड्रोन सर्वे में इन पुलों के लिए जगह चिह्नित की जाएगी। इसके साथ ही रेल लाइन में पड़ने वाले कर्व, छोटे पुल को भी तय किया जाएगा।