भगवानपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में 11 अगस्त की देर शाम ओवरटेक करने के विवाद में वाहन चालक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट में चालक को गंभीर चोटें आई हैं। बुधवार को युवक की तहरीर पर पुलिस ने सात आरोपियों निखिल, समीर, बंटी यादव, निरहू, रोहित, युवराज और किशन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज जिले के पनियरा नगर पंचायत निवासी दीपक मद्देशिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बच्चे का गोरखपुर में इलाज कराने के बाद वाहन से घर लौट रहे थे। भरवल अंडरपास के पास ओवरटेक करने को लेकर उनकी भरवल निवासी निखिल से कहासुनी हो गई। आरोप है कि निखिल ने गाली-गलौज की। लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया।
दीपक के अनुसार, अंडरपास से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंचने पर सात लोगों ने पीछा करते हुए बाइक वाहन के सामने खड़ी कर दी और गाड़ी रुकवा ली। आरोप है कि इसके बाद सभी ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी कमलेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।