महराजगंज। फलों के बाजार में इन दिनों सेब और ड्रैगन फ्रूट और सेब के भाव गिर गए हैं। पिछले माह तक कारोबारी बाहर से ड्रैगन फ्रूट मंगा रहे थे। प्रदेश के ही विभिन्न जिलों की फसल आपूर्ति के कारण दाम में कमी आई है।
पीस के हिसाब से बिकने वाला यह फल छठ में 100 से 120 रुपये पीस बिका था और अब 40 रुपये की दर से बिक रहा है। जबकि हिमाचल का सेब मंडी में आने के कारण इसके दाम भी गिर गए हैं। नगर कोतवाली से लेकर सक्सेना तिराहे तक सड़क के दोनों तरफ फलों की दुकान सजती है।
इन्हीं दुकानों में से एक के दुकानदार पिंटू जायसवाल ने बताया कि पहले गोरखपुर फल मंडी में गैर राज्य से ड्रैगन फ्रूट आ रहा था इसलिए 100 रुपये पीस के हिसाब बिक्री की जा रही थी। जानकारी मिल रही कि इन दिनों मिर्जापुर, वाराणसी क्षेत्र के किसानों की फसल भी मंडी में आ गई है। आपूर्ति बढ़ने से यह फल अब 50 रुपये पीस बिक रहा है।
कारोबारी शंभू ने बताया कि हिमाचल का सेब मंडी में आने से सस्ता हुआ है। पहले बाजार में सिर्फ कश्मीरी सेब था इसलिए भाव चढ़े थे। हिमाचल का सेब आने से 170 रुपये प्रति किलो बिकने वाला कश्मीरी सेब 120 और हिमाचल का सेब 80 रुपये किलो बिक रहा है। संवाद