गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने निष्कासित तीन छात्रों के परिसर में प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस की मदद मांगी है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन ने मंगलवार को विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, छात्र सतीश प्रजापति, प्रतीक तिवारी और सत्यम गोस्वामी को 17 अक्तूबर 2024 को विश्वविद्यालय के अनुशासन संबंधी अध्यादेश के तहत निष्कासित कर दिया गया था। साथ ही उनके विश्वविद्यालय परिसर, प्रशासनिक भवन और छात्रावासों में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था।
विश्वविद्यालय के प्रभारी मुख्य नियंता डाॅ. वेद प्रकाश राय ने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद तीनों छात्र बार-बार विश्वविद्यालय परिसर और प्रशासनिक भवन में जबरन प्रवेश कर प्रशासनिक एवं कार्यालयी कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इससे विश्वविद्यालय की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।