गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज में गोरखपुर विश्वविद्यालय संबद्ध महाविद्यालय शिक्षक संघ (गुआक्टा) की कार्यकारिणी बैठक बृहस्पतिवार को हुई। इसमें सभी कॉलेजों को पूर्व की भांति शोध केंद्र का दर्जा देने समेत कई प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से वर्ष 2026 के शिक्षक विधायक चुनाव के लिए डॉ. निरंकार राम त्रिपाठी को गुआक्टा का प्रत्याशी घोषित किया गया। बैठक में लंबित वित्तीय देयकों के शीघ्र भुगतान, विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियों में कॉलेज शिक्षकों को समान प्रतिनिधित्व देने व प्रमुख समितियों में गुआक्टा के अध्यक्ष और महामंत्री को शामिल करने की मांग उठाई गई। बीआरडी पीजी कॉलेज, देवरिया और मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज, भाटपाररानी पर लगाए गए विलंब शुल्क को समाप्त करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रो. लोकेश त्रिपाठी ने की। एजेंडे की समीक्षा महामंत्री डॉ. निरंकार राम त्रिपाठी ने प्रस्तुत की। इस मौके पर डॉ. रविन्द्र नाथ शुक्ल, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. सूरज मिश्र, डॉ. भानु प्रकाश गुप्ता, डॉ. एसपी दूबे, डॉ. नरेंद्र कुशवाहा, डॉ. ज्ञान चंद मौर्य आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।