गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के सराय गुलरिहा गांव निवासी शाहिद अली ने बेटी के पति, सास, ससुर समेत सात लोगों पर केस दर्ज कराया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सभी को मारपीट व दहेज उत्पीड़न का आरोपी बनाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शाहिद अली ने तहरीर में लिखा है कि 20 जून को बेटी सहाना खातून की शादी कुशीनगर जिले के हाटा वार्ड संख्या 10 निवासी सत्तार अली के पुत्र जैनुल से किए थे। मांग पर एक लाख 70 हजार रुपये नकद के साथ ही अन्य सामान दहेज के रूप में दिया गया था।
पीड़ित का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को उसके पति जैनुल अली के साथ ही सास, ससुर समेत परिवार के अन्य सदस्य दहेज में दो लाख रुपये की मांग के साथ ही उसे प्रताड़ित करने लगे। बेटी ने इसकी सूचना उसे दी तो वह बेटी के ससुराल गया और समझा बुझाकर वापस चला आया।
आरोप है कि इसके बाद 12 नवंबर को ससुराल के लोग बेटी को मारे पीटे थे। फिर 16 जनवरी को उसकी पिटाई करके जान से मारने की नीयत से छत से नीचे धकेलने की कोशिश करने लगे, जिससे उसके शरीर पर काफी चोटें आईं।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर पुत्री के पति, ससुर, सास राबिया खातून, जेठ ऐनुल अली, ननद सोनू, हिना व रुबिना के खिलाफ केस दर्ज किया है।