पांच थाने की पुलिस, पीएसी और महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में सकुशल संपन्न हुआ मेला
दुदही। दशहरा के दशमी पर दुदही नगर में डोल मेला परंपरागत ढंग से सकुशल संपन्न हुआ। शनिवार रात आठ बजे से रविवार सुबह पांच बजे तक चले इस मेले में नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मेले में नगर के विभिन्न मोहल्लों से डोल और अखाड़े निकाले गए। अखाड़ों के खिलाड़ियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। धार्मिक झांकियां और नृत्य कार्यक्रम मेले के प्रमुख आकर्षण रहे। धर्मशाला, गोला बाजार, चांदनी चौक, गांधी आश्रम चौक, टैक्सी स्टैंड और ब्लॉक मुख्यालय सहित कई स्थानों से डोल निकले। डोल में भगवान श्रीकृष्ण और हनुमान की प्रतिमाएं सजाई गई थीं। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
बच्चों और युवाओं ने खिलौने, मिठाइयां तथा अन्य सामान की खरीदारी की मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी के कैंप लगाए गए। गांधी चौक पर तीन दिवसीय भंडारे का आयोजन हुआ। टैक्सी स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर पर कुश्ती दंगल का भी आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष शायदा खातून और उनके प्रतिनिधि अजीम आलम ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मेले की शांतिपूर्ण व्यवस्था के लिए 5 थानों की पुलिस के साथ पीएसी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।