गोरखपुर। चेहरे पर अगर लगातार झनझनाहट या सुन्नपन है तो नजरअंदाज मत करें। यह मस्तिष्क ट्यूमर हो सकता है, जो नाक-कान की नसों को दबा देगा। ऐसी समस्या होने पर तत्काल विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच कराएं।
सोमवार को बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लाॅक स्थित न्यूरो सर्जरी विभाग में आई परतावल, महराजगंज की एक महिला इसी तरह की समस्या से परेशान थी। जांच में उसके मस्तिष्क के सीपी एंगल (सेरेबेलो-पोंटाइन एंगल) क्षेत्र में स्कलबेस ट्यूमर होने का पता चला। चिकित्सकों ने चार घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया। महिला की स्थिति सामान्य है।
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद चिकित्सकों ने बिना देरी किए ऑपरेशन का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान सबसे बड़ी चुनौती चेहरे की नसों को सुरक्षित रखना था, क्योंकि इनमें किसी भी प्रकार की क्षति से चेहरे की मांसपेशियों की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती थी। इसलिए सर्जरी के दौरान आधुनिक न्यूरो मॉनिटरिंग मशीन का उपयोग किया गया। इस तकनीक की मदद से आपरेशन के समय चेहरे की नसों की कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी गई। जिससे नसों को सुरक्षित रखते हुए ट्यूमर को निकाला जा सका।
न्यूरो सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिंद्य गुप्ता के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने करीब चार घंटे तक जटिल सर्जरी कर ट्यूमर को बाहर निकाल दिया। ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश कुमार व डॉ. अभिलाषा का भी सहयोग रहा। महिला को सोमवार को डिस्चार्ज कर दिया गया।
नसों पर दबाव डाल रहा था ट्यूमर
न्यूरो सर्जन डॉ. अनिंद्य गुप्ता ने बताया कि सीपी एंगल मस्तिष्क के पिछले हिस्से में कान के पास स्थित एक छोटा लेकिन अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र होता है। यहां विकसित होने वाला ट्यूमर आसपास की महत्वपूर्ण नसों पर दबाव डालने लगता है। महिला के मामले में भी ट्यूमर चेहरे की प्रमुख नस को दबा रहा था, जिसके कारण लंबे समय से चेहरे पर झनझनाहट और सुन्नपन की शिकायत बनी हुई थी।
बोले प्राचार्य
सुपर स्पेशियलिटी ब्लाॅक में अब जटिल न्यूरो सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा रही हैं। इससे पूर्वांचल के मरीजों को दूसरे महानगरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। यह सफल ऑपरेशन आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञों और टीमवर्क का परिणाम है।
- डॉ. धर्मेंद्र कुमार, प्राचार्य, बीआरडी मेडिकल कॉलेज