डॉक्टर व एबीवीपी कार्यकर्ताओं में मारपीट
सिद्धार्थनगर। जिला अस्पताल में रविवार को देर रात एक मरीज की मदद के लिए आए एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के कार्यकर्ताओं एवं डॉक्टर में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर चिकित्सक ने कार्यकर्ता नित्यानन्द शुक्ला से मारपीट शुरू कर दी। घटना की जानकारी होने पर दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके पश्चात भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
बांसी कोतवाली क्षेत्र के निवासी लक्ष्मन पुत्र प्यारे की तबीयत खराब हो गई। स्वजन रविवार की रात उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। घरवालों ने मामले की जानकारी एबीवीपी कार्यकर्ता नित्यानन्द को दी तथा इलाज में मदद के लिए कहा। नित्यानंद मौके पर पहुंचे तो ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने मरीज तबीयत अधिक खराब होने पर उसे गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर करने की जानकारी दी। कार्यकर्ता ने मरीज के गरीब होने का हवाला देते हुए इलाज करने का अनुरोध किया। डाक्टर के हीलाहवाली करने पर नित्यानंद ने पूरे मामले से डीएम दीपक मीणा को अवगत कराया। अभाविप कार्यकर्ता के डीएम से बात करने पर डॉक्टर ने आपा खो दिया और मारपीट हो गई। सीएमओ डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा ने बताया कि पीड़ित से बात करेंगे। पूरे मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।