जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बीच हुआ करार
मेडिसिन, जनरल सर्जरी, ईएनटी और बाल रोग के तहत चलेगा कोर्स
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। प्रदेश के 25 अस्पतालों में पहले चरण में शुरू हाेने वाले डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (डीएनबी) कोर्स बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चलेगा। इसे लेकर जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बीच करार हुआ है। दोनों संस्थानों के बीच सहमति के बाद यह फैसला लिया गया है कि यह कोर्स बीआरडी में चलाया जाएगा।
इस सूची में जिला और महिला अस्पताल को शामिल किया गया है। डीएनबी के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स की अनुमति नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन ने दी है। डीएनबी कोर्स के नोडल अधिकारी डॉ. अंबुज श्रीवास्तव ने बताया कि जिला अस्पताल ने पहले चरण में ही सात विभागों में डीएनबी कोर्स चलाने की अनुमति मांगी थी। लेकिन, केवल चार विभागों को नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन ने मंजूरी दी है। इसमें मेडिसिन, ईएनटी, जनरल सर्जरी और बाल रोग विभाग शामिल हैं। इन चारों विभागों में न्यूनतम दो-दो एमडी विशेषज्ञ उपलब्ध हैं। वहीं, महिला अस्पताल में बालरोग और पैथोलॉजी विभाग में डीएनबी कोर्स चलाने की मंजूरी दी गई है। इन दोनों विभागों में सीनियर पीजी चिकित्सकों की न्यूनतम मानक पूरे हैं। बताया कि अब तक जिला अस्पताल में कोर्स चलाने की बात चल रही थी। लेकिन, अब जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बीच करार हो गया है। इसके तहत अब सभी कोर्स बीआरडी में चलाए जाएंगे।
-
अस्पताल के चार और महिला अस्पताल के दो विभागों में डीएनबी कोर्स संचालन की मंजूरी मिली है। इसके तहत बीआरडी और जिला अस्पताल के बीच करार हुआ है। अब कोर्स बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चलाए जाएंगे। वहां पर कोर्स चलाने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद है।
डॉ. अंबुज श्रीवास्तव, नोडल, डीएनबी कोर्स