विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ करते डीएम के विजयेंद्र पांडियन, सीडीओ इंद्रजीत सिंह, सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय व अन्य
- फोटो : अमर उजाला।
आशा घर-घर जाकर बुखार के मरीजों को चिह्नित करें। जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह के तहत जागरुकता वाहन को हरी झंडी दिखाने के बाद यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों की पहचान कर उनका इलाज सुनिश्चित कराएं।
सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण माह में आशा कार्यकर्ता अपनी विशेष भूमिका निभाते हुए बच्चों का विशेष ख्याल रखें। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने कहा कि इस माह में टीबी, डेंगू, मलेरिया, इंसेफेलाइटिस, कालाजार, कोविड-19 आदि विभिन्न प्रकार के संचारी रोगों के अलावा कुपोषण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग नोडल की भूमिका में है। इसमें 11 विभाग जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशन में सहयोग करेंगे। कहा अगर कोई तीव्र बुखार का रोगी आशा कार्यकर्ता को सूचित करता है तो आशा मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करती हैं। आवश्यकता पर एंबुलेंस सेवा भी मुहैया कराती हैं। संचारी रोगों के मामले में खुद से या फिर मेडिकल स्टोर से दवा न लें। चिकित्सक के सलाह पर ही उपचार कराएं।