गोरखपुर। जिले में एक नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के लिए जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित होने वाले शिविर में निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चों, महिलाओं, निर्धन लोगों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
साथ ही पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी को सभी विभागाध्यक्षों से समन्वय स्थापित कर प्रत्येक विभाग से नोडल अधिकारी नामित कराने का निर्देश दिया है। नामित अधिकारियों की जानकारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर का उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करना है।