जल्द ही जिला प्रशासन के पास 700 एकड़ से अधिक जमीन और होगी। दो स्थानों पर जमीन पर कब्जे की प्रक्रिया में शुरू कर दी गई है। वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में 10 दिन के भीतर जमीन प्रशासन के कब्जे में आ जाएगी। इसी तरह महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर तीन में करीब 300 एकड़ से अधिक जमीन के लिए कोर्ट में पैरवी तेज की जाएगी।
ताल नदोर में करीब 500 एकड़ जमीन है। इसमें से करीब 20 एकड़ पर दूसरे का कब्जा है और कोर्ट में वाद भी दाखिल है। जिला प्रशासन द्वारा इस जमीन का चिह्नांकन कराया जा रहा है। जो जमीन खाली है, पहले उसपर कब्जा लिया जाएगा। इस जमीन पर वेटनरी कॉलेज एवं रीजनल गोरखपुर फिल्म सिटी के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा सकती है।
अन्य परियोजनाओं के लिए भी यहां जमीन मिलेगी। सदर तहसील की टीम कई दिनों से प्रपत्रों की जांच एवं चिह्नांकन में जुटी है इससे कब्जा करने वालों में हड़कंप मचा है। इसी तरह महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर तीन में सीलिंग की जमीन है। इसे लेकर हाईकोर्ट में वाद लंबित है। प्रशासन द्वारा इस मामले में लगातार पैरवी की जा रही है।
डीएम कृष्णा करुणेश का कहना है कि ताल नदोर में जमीन के चिह्नित करने की प्रक्रिया अगले कुछ दिनों में पूरी कर ली जाएगी। सरकारी जमीन जहां भी है, प्रशासन उसे अपने कब्जे में लेगा।