- पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के बाद मामला गरमाया, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
- उनवल कस्बे में आयोजित इवेंट के बाद आरोप-प्रत्यारोप तेज, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
उनवल । उनवल कस्बे स्थित सिद्धि विनायक मैरिज हाल में आयोजित पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता अब विवाद का कारण बन गई है। प्रतियोगिता की इनामी राशि के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस पर लगे गंभीर आरोपों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो तक पहुंच गया है। मामले ने क्षेत्र में हलचल मचा दी है।
प्रतियोगिता के संचालक अभिषेक राजभर, निवासी उनवल वार्ड नंबर सात पर प्रतिभागियों ने आरोप लगाया था कि आयोजन के दौरान घोषित इनामी राशि का भुगतान नहीं किया गया। इस पर कई प्रतिभागियों ने चौकी उनवल में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 16 अप्रैल को अभिषेक राजभर को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था।
इसके बाद मामला अचानक नया मोड़ ले बैठा। अभिषेक राजभर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। वायरल वीडियो में उन्होंने दावा किया कि उनसे 25 हजार रुपये की मांग की गई और रुपये न देने पर पुलिस की ओर से उनके साथ मारपीट की गई। वीडियो में वह भावुक होकर न्याय की गुहार लगाते नजर आए और यहां तक कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं।
अभिषेक राजभर, जो जिम ट्रेनर भी हैं और बाॅडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में कई पुरस्कार जीत चुके हैं। हर वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन करते हैं। उनके इस वीडियो के बाद मामला और अधिक तूल पकड़ गया है। क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
वहीं, चौकी प्रभारी अवनीश सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि 12 अप्रैल को शिकायत मिलने के बाद अभिषेक को बुलाया गया था लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। बाद में 16 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया गया और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मारपीट या किसी प्रकार की अवैध वसूली के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।