पनियरा। ब्लॉक परिसर मेंं विवादित जमीन पर बने सरकारी भवनों को ध्वस्त करने को लेकर बृहस्पतिवार को भी परिसर में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि मामला बातचीत से ही सुलझा लिया गया है। बसडिला गांव के नरेंद्र सिंह को कब्जा दिलाने बृहस्पतिवार को कोर्ट अमीन पहुंचे। इसके बाद परिसर के प्रवेश द्वार पर ताला बंद कर दिया गया। ब्लॉक प्रमुख व बीडीओ के साथ कोर्ट अमीन ने बातचीत की फिर लौट गए। कब्जा दिलाने पहुंचे कोर्ट अमीन के साथ मौके पर मौजूद ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला, खण्ड विकास अधिकारी व नरेंद्र सिंह में इसको लेकर कुछ देर वार्ता हुई। तय किया गया कि बिल्डिंग को छोड़कर सीमांकन करते हुए खाली जमीन पर कब्जा कर लें लेकिन कोई भी निर्माण किसी भी पक्ष की ओर से नहीं किया जाएगा।
ब्लॉक प्रमुख वेदप्रकाश शुक्ल ने बताया कि मौके पर जो भवन है, उसमें सरकारी योजनाएं संचालित होती हैं। उनके टूटने से सरकार को नुकसान होगा। भवनों को बचाने के लिए खण्ड विकास अधिकारी ने भी 3 नवम्बर को कोर्ट में याचिका दायर कर अपना पक्ष रखा है। कोर्ट के फैसले का पालन किया जाएगा।