गोला बाजार चौकी इंचार्ज अनुज यादव ने बताया कि शहर के रहने वाले मोनू वर्मा के जरिए एचआर इंटर कॉलेज परिसर में डांडिया नृत्य का कार्यक्रम आयोजन किया गया था। शाम सात बजे कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम में काफी संख्या में महिलाएं ,पुरूष, बच्चे प्रतिभाग कर रहे थे। कार्यक्रम देखने के लिए काफी भीड़ जुटी थी। आरोप है कि घाटमपुर उर्फ घटरम्हा गांव के प्रधान प्रतिनिधि केसी पांडेय, पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष एवं तेनुहारी के प्रधान धीरज पांडेय, नीरज पांडेय, एकमा के आलोक राय, तितौवा के सचिन यादव, आशीष राय, महुली क्षेत्र के भगवानपुर निवासी हृदय राय ,घाटमपुर के नितिन पांडेय अपने 10-15 अज्ञात साथियों के साथ उक्त कार्यक्रम में पहुंच गए।
आरोप है कि ये लोग कार्यक्रम देखने आईं महिलाओं और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मन पंसद गाना बजाने को लेकर बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए मंच पर चढ़ गए। ये लोग महिलाओं के साथ अश्लील हरकत के बाद गाली-गलौज करते हुए कार्यक्रम को बंद कराने लगे। जिन्हें रोकने का काफी प्रयास किया गया तो पुलिस के साथ हाथापाई करने लगे। जिसकी सूचना फोन से उच्चाधिकारियो को दी गई। फोर्स के आने पर भी उक्त लोग उत्तेजित होकर कॉलेज गेट के बाहर पहुंचकर सड़क पर हंगामा करने लगे।
मौके पर इन लोगों के भय से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और भगदड़ मच गई। लोगों ने अपनी-अपनी दुकान का शटर गिरा लिया। पूरे बाजार में दशहत का माहौल कायम हो गया। बाद में एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ सदर दीपांशी राठौर, सीओ मेंहदावल अंबरीष भदौरिया, सीओ धनघटा ब्रजेश सिंह, एसडीएम सदर शैलेश दूबे, सीओ यातायात समेत काफी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंच गए और भीड़ को तितर-बितर कर माहौल को शांत कराया। कोतवाल रविंद्र सिंह ने बताया कि केसी पांडेय, धीरज पांडेय, नीरज पांडेय, आलोक राय, सचिन यादव, आशीष राय, ,हृदय राय, नितीन पांडेय और 10-5 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।