गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए शुक्रवार से सीधी उड़ान शुरू हो जाएगी। इस सेवा के शुरू होने से गोरखपुर एवं उसके आस-पास के लोगों विशेषकर बेंगलुरु में रहकर पढ़ाई या प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बहुत लाभ मिलेगा। वर्तमान में उन्हें बेंगलुरु के लिए लखनऊ, दिल्ली या दूसरे जगहों से फ्लाइट पकड़नी पड़ती है। ट्रेन से इस सफर में करीब 40 घंटे लग जाते हैं।
नए साल पर गोरखपुर एवं उसके आस-पास के जिलों के तमाम लोगों को यहयादगार तोहफा, सांसद रवि किशन की पहल और एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेई की सक्रियता से मिला है। विमान कंपनी इंडिगो 180 सीट की क्षमता वाले एयरबस की सेवा गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए शुरू कर रही है। बेंगलुरु से यह विमान सुबह 8:30 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट लैंड करेगा और फिर 45 मिनट बाद सुबह 9:15 बजे यहां से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा।
गोरखपुर से अब उड़ानों की संख्या पहुंची 10
इस सेवा के शुरू होने के साथ ही अब गोरखपुर से उड़ानों की कुल संख्या 10 हो जाएगी। इनमें दिल्ली-मुंबई के लिए तीन-तीन और हैदराबाद, प्रयागराज, कोलकाता के लिए एक-एक उड़ान शामिल है। दसवीं उड़ान बेंगलुरु के लिए शुरू हो रही है। जल्द ही चेन्नई, पुणे और अहमदाबाद के लिए भी विमान सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। इसे लेकर प्रयास जारी है।
गोरखपुर एयरपोर्ट के निदेशक प्रभाकर बाजपेई का कहना है कि यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। कई जरूरी संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं। इसके साथ ही कुछ और शहरों के लिए उड़ाने भी शुरू की जाएंगी। इस दिशा में प्रयास चल रहा है।