श्रद्धालुओं का दें ध्यान, लापरवाही हुई तो होगी कार्रवाई
0- एडीजी, कमिश्नर, आईजी, डीएम, एसएसपी संग नगर आयुक्त ने किया घाटों का निरीक्षण
छठ घाटों की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे अधिकारी
संवाद न्यूज एदेंसी
गोरखपुर। आस्था के महापर्व छठ पर्व को व्रती महिलाएं घाटों पर कुशलता पूर्वक मनाएंगी। इसकी तैयारियों की समीक्षा करने शनिवार को घाटों पर एडीजी, कमिश्नर, आईजी, डीएम, एसएसपी संग नगर आयुक्त पहुंचे। एडीजी और कमिश्नर ने निर्देश दिए कि पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था के साथ सुरक्षा के लिहाज से सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जाए। लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नगर निगम और एनडीआरएफ की टीम भी घाट के आस-पास ही मौजूद रहेगी।
प्रशासनिक अधिकारी घाट के निरीक्षण के बाद नगर निगम के प्रयासों से संतुष्ट दिखे। नगर आयुक्त ने डीएम को बताया कि पूरे घाट को स्वच्छ और सुंदर घाट की तरह विकसित किया गया है। सफाई से लेकर सुरक्षा, लाइटिंग, खतरे के निशान पर बैरिकेडिंग आदि लगा दी गई है।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने घाटों पर पुख्ता व्यवस्था की है। डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए नदियों और तालाबों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी व्रती महिला या उनके परिजनों को गहरे पानी में नहीं जाने दिया जाएगा। इसके लिए बैरिकेडिंग कराई गई है। साथ ही पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की दो-दो यूनिटें तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशिक्षित आपदा मित्र समेत 143 गोताखोरों और 240 नाविकों को भी तैनात किया गया है। इस दौरान एसएसपी गौरव ग्रोवर, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन, पुलिस अधीक्षक नगर कृष्ण कुमार बिश्नोई, अपर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, निरंकार सिंह आदि मौजूद रहे।