निकाय चुनाव अब दिलचस्प होने जा रहा है। जिस विकास और बेहतर कानून व्यवस्था को आधार बनाकर भाजपा ने मतदाताओं के बीच जाने की रणनीति तैयार की है। उसी मुद्दे पर विपक्ष पलटवार करने वाला है। इन मुद्दों के साथ ही विपक्ष महंगाई पर भी जनता को साधने की तैयारी में है।
भाजपा के उम्मीदवारों को बदलते शहर के परिदृश्य का भी परोक्ष रूप से फायदा मिल रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों में पार्टी के प्रत्याशियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक में एजेंडा स्पष्ट कर दिया था। साथ ही उन्होंने बूथ से लेकर सेक्टर स्तर तक पदाधिकारियों से संवाद कर उन्हें जनता के बीच जाना का मार्गदर्शन भी दे दिया। उधर, सपा, बसपा और कांग्रेस ने भी भाजपा के प्रत्याशियों काे घेरने की तैयारी की है। सभी विपक्षी दल भाजपा के एजेंडे को अपने तर्क पर खारिज करने की योजना बना रहे हैं। अब घर-घर जाकर प्रचार शुरू हो गया है।
लोगों को अपने तरीके से समझाने की कोशिश में प्रत्याशी व राजनीतिक दलों के पदाधिकारी लगे हुए हैं। लेकिन, मतदाताओं की खामोशी ने सभी राजनीतिक दलों की उलझने बढ़ा दी है। लेकिन, एक बात तो साफ है कि जब बड़े नेताओं के आने के बाद सरगर्मी बढ़ेगी तो मुकाबला भी रोचक होता जाएगा।
बोले पदाधिकारी
विकास और कानून व्यवस्था मुख्य एजेंडा है, जिसके आधार पर हम जनता के बीच जा रहे हैं। गोरखपुर का विकास पिछले छह सालों में जिनता हुआ है उतना तो 70 साल में नहीं हो पाया। अब पिछड़ेपन का दंश हट रहा है। ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए जनता का भरपूर समर्थन हमें प्राप्त हो रहा है। - राजेश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष, भाजपा।
महंगाई, भ्रष्ट्राचार, विकास और कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। भाजपा की जन विरोधी नीतियों से जनता परेशान है और परिवर्तन का मूड बना रही है। सपा सरकार में कराए गए विकास कार्यों और पार्टी की नीतियों को नागरिकों को बता रहे हैं। - बृजेश गौतम, जिलाध्यक्ष, सपा।
जलभराव, छुट्टा पशु और खराब सफाई व्यवस्था हमारे लिए चुनाव के मुख्य एजेंडे हैं। शहर के लोग इन समस्याओं से बहुत ही परेशान हैं। पिछले तीन बार से भाजपा के ही मेयर हैं, सांसद और विधायक भी उन्हीं के हैं। लेकिन, जनता को समस्याओं से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। - निर्मला पासवान, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस।
भाजपा के शासनकाल में न तो बेहतर विकास हो रहा है और बिड़गती कानून व्यवस्था लोगों के सामने है। बसपा की सरकार के दौरान बेहतर कानून व्यवस्था को लोग आज भी याद कर रहे हैं। इन्हीं मुद्दे पर हम जनता के बीच जा रहे हैं। मुख्यमंत्री का शहर है इसके बाद जलभराव और मच्छर से लोग परेशान हैं। जनता का समर्थन भी हमें खूब मिल रहा है। - जितेंद्र कुमार नीरज, जिलाध्यक्ष, बसपा।