गोरखपुर। सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक हॉस्पिटल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद मरीजों की आंखों में संक्रमण के मामले में जांच टीम ने शुक्रवार को अस्पताल की जांच की। टीम का नेतृत्व डिप्टी सीएमओ डॉ. एके चौधरी ने किया। उनके साथ बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेत्र सर्जन डॉ. राम एस यादव, डॉ. सुबोध कुमार और पीएचसी उरुवा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी तिवारी मौजूद रहे। टीम ने ऑपरेशन से जुड़े सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की।
जांच के दौरान टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों की केस शीट, अस्पताल का रजिस्ट्रेशन, आयुष्मान भारत योजना से संबंधित दस्तावेज, आंखों की सर्जरी करने वाले चिकित्सक और उनकी टीम के कागजातों की विस्तार से पड़ताल की। साथ ही ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण कर उसमें उपयोग होने वाली सामग्रियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। बताया गया कि बीते रविवार को आयुष्मान योजना के तहत लगभग 30 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया था। सोमवार को मीरा देवी, अर्जुन, दीनानाथ, रंजीत, जयराम और दुर्ग विजय समेत छह मरीजों की आंखों में संक्रमण की शिकायत सामने आई। परिजनों की सूचना पर डॉक्टरों ने मरीजों को गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी रेफर किया।
सूत्रों के अनुसार संक्रमित मरीजों की संख्या करीब 11 बताई जा रही है, हालांकि पूर्णरूप से संक्रमित छह मरीजों में ही पुष्टि हुई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. एके चौधरी ने बताया कि अस्पताल के दस्तावेजों की जांच हुई है। आगे अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जाएगी। इसके बाद स्थिति साफ हो पाएगी।