- घटिया नाली निर्माण पर उपसभापति पूनम सिंह ने अपनाया सख्त रुख
गोरखपुर। नगर निगम की उपसभापति पूनम सिंह ने सोमवार को रघुपति सहाय फिराक नगर में निर्माणाधीन आरसीसी नाली का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी पर उन्होंने निर्माण को तोड़कर दोबारा कराने और संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये जुर्माने के निर्देश दिए। ठेकेदार को छह माह के लिए निविदाओं से प्रतिबंधित भी कर दिया गया।
वार्ड-56 रघुपति सहाय फिराक नगर में त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत रणविजय सिंह के मकान से बाढ़ खंड तक आरसीसी नाली का निर्माण हो रहा है। पार्षद रविंद्र सिंह ने उपसभापति को बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब है। इस संबंध में नगर आयुक्त अजय जैन व मुख्य अभियंता अमित शर्मा से भी शिकायत की गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर मामला उपसभापति के संज्ञान में लाया गया।
निरीक्षण के दौरान उपसभापति ने अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन सिंह, मुख्य अभियंता व संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाया। उन्होंने पाया कि निर्माण में प्रतिबंधित अहिरौला गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा नाली में पानी भरा होने के बावजूद उसी में बेड बनाकर निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसे उन्होंने गंभीर तकनीकी लापरवाही बताया। उपसभापति ने सभी 80 वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने मामले की जांच के लिए अधिशासी अभियंता अशोक कुमार भाटी और सहायक अभियंता शैलेष कुमार को निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।