- विभागीय पदोन्नति सूची जारी, कर्मचारियों में खुशी की लहर
गोरखपुर। पूरे प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा विभाग में 164 खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) समेत 490 शिक्षा अधिकारियों को समूह ख में पदोन्नति दी गई है। जिले में विभागीय स्तर पर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो एसडीआई समेत कुल 15 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमोशन दिया गया है। बीईओ के बीएसए व इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पद पर तैनाती का रास्ता भी साफ हो गया है।
जानकारी के अनुसार, जिन कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है उनमें इंदु गिरि, अमित उपाध्याय, रचना शर्मा, किरणमई, सुरेश शाह, आलोक कुमार, राम नगीना भारती, राजेंद्र प्रसाद, आरपी सिंह, धनंजय सिंह, राजू कुमार मल्ल, योगेंद्र गुप्ता और सर्वेश मणि त्रिपाठी सहित कुल 15 नाम शामिल हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह पदोन्नति वरिष्ठता, सेवा अभिलेख और विभागीय नियमों के आधार पर की गई है। पदोन्नति पाने वाले कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां जल्द सौंपे जाने की संभावना है। कर्मचारियों ने इसे लंबे समय से लंबित प्रक्रिया के पूरा होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। प्रमोशन पर कर्मचारियों में खुशी की लहर है।