बरहज। तहसील परिसर स्थित ग्राम न्यायालय में मंगलवार को एक अधिवक्ता और वादकारी में बहस होने का मामला प्रकाश में आया है। लोगों के अनुसार, दोनों लोगों में बात इस कदर बिगड़ गई कि हाथापाई की नौबत आ गई।
इससे न्यायालय और तहसील परिसर में खलबली मच गई। पुलिस और लोगों के बीच-बचाव कर मामला शांत कराया
ग्राम न्यायालय में कोर्ट संचलन के लिए पुकार किया जा रहा था। लोगों का कहना है कि कोर्ट में घरेलू हिंसा के एक मामले की सुनवाई चल रही थी। इसमें अधिवक्ता अपने पक्ष की पैरवी कर रहे थे। इसी बीच वादकारी और अधिवक्ता में अचानक तू-तू, मैं-मैं होने लगी। बताया जा रहा है कि लोग जब तक कुछ समझ पाते दोनों लोग मारपीट पर अमादा हो गए। एक-दूसरे के कपड़े फटने की भी बात सामने आ रही है।
हालांकि, दोबारा बाहर भी मारपीट हो गई। वादकारी पथरदेवा क्षेत्र के एक गांव निवासी और आर्मी का जवान बताया जा रहा है। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। कोर्ट में अधिवक्ता से हुए विवाद को लेकर परिसर में कुछ देर के लिए माहौल गरम हो गया था।
इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि किसी बात को लेकर विवाद की बात सामने आई थी। दोनों पक्ष आपस में सुलह-समझौता कर लिए हैं।