शुक्रवार की दोपहर में डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचे। अनमोल से मुलाकात करने के बाद ट्रामा सेंटर में पहले से मौजूद अनमोल के बड़े भाई देवेश दूबे से आईसीयू के बाहर एक बंद केबिन में बातचीत करके घटना के बारे में जानकारी ली। लगभग पांच मिनट तक केबिन में डिप्टी सीएम और सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने देवेश से बातचीत की। डिप्टी सीएम ने देवेश को गले लगाकर ढांढस बंधाते हुए कहा कि चाहे कोई भी दोषी हो, बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने घटना को गंभीरता से लिया है।
ट्रामा सेंटर में सफाई के दिए निर्देश
डिप्टी सीएम पाठक ने मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर के गलियारे में लगे वाईफाई बॉक्स, बिजली की वायरिंग और फायर हाइड्रेंट पाइप पर जमी धूल देखकर कॉलेज प्रशासन को सफाई-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याएं ही बाद में बड़ी हो जाती हैं।
यह है मामला
बता दें कि देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सोमवार को सुबह छह बजे जमीन के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साएं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसके तीन संतानों को गोली मारकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।