बरहज थाना अंतर्गत सतराव चौकी के एक दारोगा ने मामूली विवाद होने पर एक दद्दन यादव की पिटाई की थी। आरोप है कि इस पिटाई से उसकी मौत हो गई। वहीं, मामले में अब मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए देवरिया के डीएम और एसपी को जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही 11 जुलाई 2024 तक जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
बता दें कि पिछले दिनों बरहज थाना अंतर्गत सतराव चौकी के दरोगा वीरेंद्र कुशवाहा और अन्य पुलिसकर्मियों ने दद्दन यादव को बुरी तरह पीट दिया था, जिससे उसकी इलाज के द्वारा दौरान मौत हो गई थी। इस मामले की शिकायत इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता डॉ. गजेंद्र सिंह यादव ने मानवाधिकार आयोग में दर्ज कराई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए आयोग ने जांच के आदेश दिए हैं।
अधिवक्ता का कहना है कि हमें उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषियों पर कार्यवाही होगी। जांच में प्रशासन का पूरा सहयोग किया जाएगा, लेकिन अभी तक आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी न होना आश्चर्य की बात है। जांच से पहले उक्त लोगों की गिरफ्तारी होनी चाहिए, ताकि वह जांच व साक्ष्यों को प्रभावित न कर सकें। यदि समय रहते गिरफ्तारी नहीं होती है तो हम जल्द ही उच्च न्यायालय जाकर गिरफ्तारी और उचित जांच की मांग करेंगे।
अधिवक्ता ने कहा कि मृतक की तीन बेटियां हैं तथा परिवार में वह अकेला कमाने वाला था। अतः जिला प्रशासन से उम्मीद की जाती है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद भी की जाए, ताकि उसके परिवार को भरण पोषण की समस्या न हो।