एनएस 1 किट से जांच में हुई पुष्टि, बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया सैंपल
इस साल जनवरी से अब तक मिल चुके हैं 13 मरीज, इनमें से चार दूसरी जगह मिले
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। डेंगू के लिहाज से संवेदनशील अगस्त माह में दो मरीज मिल गए हैं, जिनमें से एक गोरखपुर तो दूसरा सिद्धार्थनगर का रहने वाला है। एनएस 1 किट से पुष्टि होने के बाद ब्लड जांच के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जनवरी से अब तक गोरखपुर के 13 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से पांच बीआरडी मेडिकल कॉलेज, दो जिला अस्पताल और दो प्राइवेट अस्पताल में मिले हैं। इसके अलावा तीन लखनऊ व एक मरीज की पुष्टि वाराणसी में हुई है।
पूर्वांचल में डेंगू के केस दूसरे राज्यों से होकर ही आते हैं। इस बार भी शुरुआत हो चुकी है। दो दिन पहले गोरखपुर व सिद्धार्थनगर में एक-एक संदिग्ध केस मिले थे। इनकी जांच के लिए सैंपल बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। वहां हुई जांच में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि, अभी इनका विवरण स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर अपडेट नहीं किया गया है।
जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि दो लोगों के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें से एक केस सिद्धार्थनगर का है। पता लगाकर वहां जरूरी सुरक्षात्मक कार्रवाई की जाएगी। दोनों की ट्रेवल्स हिस्ट्री पता की जा रही है।