संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के वरिष्ठ सहायक मो. अली जहीर राना के साथ बुधवार की शाम को शिक्षक संघ के एक पदाधिकारक के दुर्व्यवहार करने के विरोध में यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफीसर्स एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार किया। कार्य बहिष्कार के कारण शिक्षा विभाग में विभागीय कार्य पूरी तरह से ठप रहा।
एसोसिएशन के जनपदीय अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। कार्य बहिष्कार को समाप्त करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. अमरकांत सिंह ने एसोसिएशन पदाधिकारियों को बातचीत के लिए बुलाया। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रत्येक माह के पांच व 20 तारीख को शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे।
समस्याओं के निस्तारण की जानकारी शिक्षक प्रतिनिधियों को 15 दिन के बाद वार्ता के दौरान दी जाएगी। बैठक में यह तय हुआ कि शिक्षक संघ का कोई पदाधिकारी अब सीधे कर्मचारियों से बात नहीं करेगा। कार्य बहिष्कार करने वालों में महामंत्री राजेश चंद्र श्रीवास्तव, प्रांतीय कार्यालय सचिव शिवचरन यादव, मंडलीय उपाध्यक्ष विजय यादव, मो.अली जहीर राना, देवेंद्र मणि, कृष्ण मोहन वर्मा, ज्योति शंकर सक्सेना, धीरज कुमार पाल आदि शामिल रहे।
-
शिक्षक संघ ने भी दिया धरना
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा संघ के जिलाध्यक्ष श्याम नारायण सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को दोपहर बाद डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। संगठन पदाधिकारियों का आरोप है कि कार्यालय के एक पटल सहायक ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। साथ ही मृतक आश्रित की वेतन संबंधी दो पत्रावलियों का निस्तारण करने की बजाय लंबित रखा है। संवाद