गोरखपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित मारपीट और छात्राओं से दुर्व्यवहार के विरोध में जिला अधिवक्ता एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।
इस संबंध में जिला अधिवक्ता एसोसिएशन के सभागार में साधारण सभा की बैठक हुई। अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडेय ने और संचालन मंत्री चंद्र प्रकाश मिश्र ने किया। बैठक में अधिवक्ताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसकी निंदा की। इसके बाद अध्यक्ष के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में मार्च निकालकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में रामाश्रय त्रिपाठी, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, गजेंद्र मणि त्रिपाठी, रविंद्र श्रीवास्तव, कृष्ण दामोदर पाठक, विनय चंद, योगेंद्र मिश्र, मुन्नीलाल यादव और सुनील मिश्र समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।