ताल में नाव पलटी, दो युवतियाें समेत तीन की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। भलुअनी थाना क्षेत्र के गड़ेर गांव के महादेव ताल में शुक्रवार शाम नाव पलटने से तीन युवतियां, दो किशोरियां और एक युवक डूबने लगीं। गांव वालों ने पांचों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने रितू (17), लालमन (18), नंदन (18) को मृत घोषित कर दिया। रतन (18) और शीतल (16) की हालत गंभीर बनी हुई है। देर रात रतन को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गड़ेर में रामईश्वर निषाद के घर मुंडन संस्कार था। मुंडन के बाद पांचों सहेलियां घूमने के लिए ताल पहुंचीं और छोटी नाव में बैठ गईं। नाव युवक चला रहा था। नाव जब गहरे पानी में गई तो अनियंत्रित होकर पलट गई। पांचों के शोर मचाने पर लोग बचाने के लिए ताल में कूद पड़े। एसओ भलुअनी ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रतन और शीतल गड़ेर की रहने वाली हैं। लालमन पुत्री पप्पू निषाद धोसी पकड़ी थाना घोसी जनपद मऊ से मौसा के घर आई थी। नंदन पुत्री हरि भगवान बड़हलगंज गोरखपुर से फूफा के घर आई थी। रितू गड़ेर की रहने वाली थी।