फरेंदा। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ताल्ही गांव स्थित सूखे कुएं में बुधवार की शाम करीब चार बजे एक 45 वर्षीय युवक का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ताल्ही निवासी सुट्टूर कन्नौजिया 45 मंगलवार की घर से दावत खाने की बात कहकर घर से साइकिल लेकर निकला था। बुधवार की सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता न चलने पर परिजनों को अनहोनी की चिंता सताने लगी। गांव के बाहर जानवरों को चराने निकले ग्रामीणों ने कुएं में साइकिल के साथ शव देखा तो यह सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान सुट्टूर कन्नौजिया के रूप में की। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।