गोरखपुर जिले के चिलुआताल क्षेत्र के बरगदवां में मंगलवार सुबह फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले राजबहादुर सिंह (48) की कमरे में लाश मिली। उसके मुंह से खून निकला था, लेकिन शरीर पर कोई चोट के निशान नजर नहीं आ रहे थे। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश के भिंड पंडारी निवासी राजबहादुर सिंह चिलुआताल इलाके के बरगदवां के सुग्रीव प्रजापति के मकान में किराए पर रहते था। पड़ोसियों के मुताबिक, वह शराब का आदी था। जबकि, खुद एक नमकीन की फैक्ट्री में काम करने के साथ ही ठेले पर फास्ट फूड की दुकान लगाता था।
इसे भी पढ़ें: झाड़ी में महिला की मिली लाश, हत्या की आशंका
रोज की तरह सोमवार की देर रात वह ठेला लेकर वापस कमरे पर आया और सो गया। सुबह काफी देर तक जब उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो अगल-बगल रह रहे लोगों ने आवाज लगाई और दरवाजा पीटना शुरू किया। अंदर से कोई हरकत नहीं हुई। काफी देर तक जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो मकान मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस दरवाजा तोड़ अंदर घुसी तो राजबहादुर का शव पीठ के बल बिस्तर पर पड़ा था। उसके मुंह से खून निकला हुआ। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन से परिजनों को घटना की सूचना दी। परिवार के लोग गोरखपुर पहुंच रहे हैं। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।