कैंट इलाके के बिंलदपुर कॉलोनी में किराये के कमरे में रह रहा था रमन
बीए चतुर्थ सेमेस्टर का था छात्र, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र रमन उपाध्याय का शव बृहस्पतिवार की शाम कैंट क्षेत्र के बिंलदपुर काॅलोनी में किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची और शव को नीचे उतारी। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर जिले के चिलिया क्षेत्र के कटया गांव निवासी राम लौटन उपाध्याय का 20 वर्षीय बेटा रमन उपाध्याय बीए द्वितीय वर्ष के चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था। वह शहर के इंद्रानगर कॉलोनी में किराये पर कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा था। 10 दिन पहले से वह बिंलदपुर कॉलोनी में प्रमोद सिंह के मकान में किराये पर कमरा लेकर रह रहने आया था।
बृहस्पतिवार की दोपहर में उसका रूम पार्टनर पढ़ाई करने गया था। शाम करीब चार बजे जब वह पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक ने खिड़की के रास्ते देखा तो वह कमरे में फंदे से लटका मिला। उन्होंने तत्काल कैंट पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया। देर रात परिजन पहुंच गए थे।