गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के हाफिजनगर गांव के पास एक खेत में रविवार सुबह राम सजन (38) का शव मिला। राम सजन बगल के गांव जमुनियां गांव का रहने वाला था।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात में राम सजन अपने एक मित्र के साथ घर से निकला था। पत्नी और बेटी अलग-अलग लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस, राम सजन के दोस्त समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, राम सजन ने 16 साल पहले गुंजा देवी से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बेटे और दो बेटियां हैं। गांव के पास का ही एक मित्र राम सजन से मिलने के लिए शनिवार रात में आया था। रात में वह मित्र के साथ अपने घर से निकला था और फिर लौटा नहीं। घरवाले उसकी तलाश में थे कि इसी बीच पड़ोसी गांव में एक शव मिलने की सूचना पर परिजन वहां पर पहुंचे। पुलिस भी आई।
परिजनों ने शव की शिनाख्त राम सजन के रूप में की। शरीर पर गंभीर चोट के निशान तो नहीं नजर आ रहे हैं, लेकिन फेंकने जैसी स्थिति में शव पड़ा था। आशंका है कि जहर देकर हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।