गोरखपुर जिले के गगहा क्षेत्र के मझगांवा में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव उसके घर से ढाई सौ मीटर दूरी पर बाग में पेड़ से लटकता मिला। मौके पर पहुंची गगहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंगलवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने गांव के बाहर बगीचे में पेड़ से युवक का शव लटकता देख शोर मचाया। काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पुलिस को दी गई। गगहा थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त मझगांवा निवासी राज सिंह (22) पुत्र नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
पिता नरेंद्र सिंह का कहना है कि वर्षीय बेटा राज सिंह सोमवार शाम करीब सात बजे घर से निकला, लेकिन देर रात बेटा घर वापस नहीं आया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, नहीं मिलने पर यह सोचकर वापस आ गए की राज शायद सुबह घर लौट आएगा।
बता दें पिता नरेंद्र सिंह के तीन पुत्र थे। कुछ वर्ष पूर्व भी नरेंद्र सिंह के सबसे छोटे बेटे का शव उसी पेड़ पर लटकता मिला था, जिसपर मंगलवार की सुबह मझले बेटे राज का शव मिला है। वहीं पिता नरेंद्र के सबसे बड़े बेटे का मानसिक संतुलन कुछ सालों से ठीक नहीं है।
थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह का कहना है कि परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम को घर में राज की बहस हो गई थी जिसके बाद वह घर छोड़कर निकल गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।