- 4000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित अत्याधुनिक पॉलीहाउस से सुसज्जित होगी नर्सरी
- नर्सरी के माध्यम से छात्रों और किसानों को साझा मंच प्रदान करेगा विश्वविद्यालय
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान की ओर से स्थापित होने वाली हाईटेक नर्सरी का बृहस्पतिवार को कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने शिलान्यास किया। यह नर्सरी 4000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित अत्याधुनिक पॉलीहाउस से सुसज्जित होगी।
कुलपति ने बताया कि इस नर्सरी की स्थापना के लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने 99.65 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसका नाम एग्रीकल्चर इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी सेंटर (कृषि प्रौद्योगिकी सूचना केंद्र) रखा गया है। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालय, छात्रों और किसानों को एक साझा मंच पर प्रदान कर कृषि शिक्षा, आधुनिक तकनीक एवं विस्तार सेवाओं को सुदृढ़ करना है। यहां आउटलेट भी स्थापित किया जा रहा है, जहां किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली, रोगमुक्त पौध रोपण सामग्री रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
यह केंद्र छात्रों के लिए पॉलीहाउस प्रबंधन, पौध प्रवर्धन एवं कृषि विपणन जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. रामरतन सिंह ने बताया कि इस नर्सरी के माध्यम से फल एवं सब्जियों की व्यावसायिक खेती के लिए उन्नत तकनीक का प्रसार किया जाएगा। इस अवसर पर नेशनल सीड कारपोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ योगेंद्र कुमार यादव, संस्थान के समन्वयक डॉ. रामवंत गुप्ता, डीएसडब्ल्यू प्रो. अनुभूति दुबे, डॉ. नुपूर सिंह, डॉ. तल्हा अंसारी, माधवेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. ऐमन तनवीर, डॉ. रुद्राजय मिश्र और आशुतोष सिंह आदि मौजूद रहे।