- 4 से 20 जुलाई तक दो पालियों में आयोजित होंगी परीक्षाएं, विश्वविद्यालय परिसर में रहेगी कड़ी व्यवस्थाएं
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 के लिए स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षाएं 20 जुलाई तक दो पालियों में होंगी। इसमें 34 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। बुधवार को कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में प्रवेश परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए विभिन्न विभागों को सौंपे गए उत्तरदायित्वों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
पहली पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड होना शुरू हो चुका है। छात्र पोर्टल की वेबसाइट dduguadmission.in पर लॉगिन कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष प्रवेश परीक्षाओं के लिए 34 हजार से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परीक्षाएं नकलविहीन और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होंगी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षार्थी मोबाइल, स्मार्ट घड़ी, बैग, इयरफोन या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। परीक्षार्थियों को केवल मुख्य द्वार से प्रवेश की अनुमति होगी। मुख्य द्वार पर बना साइकिल स्टैंड ही वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर की ओर से एनएसएस की सहायता डेस्क स्थापित की जाएगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रास्ते व बिल्डिंग्स का नक्शा तैयार किया जा रहा है। एंबुलेंस तथा मेडिकल हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की जाएगी। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की गरिमा एवं निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। साथ परीक्षार्थियों को हर संभव सुविधा प्रदान की जाए।
प्रॉपर्टी काउंटर पर सामान जमा करना अनिवार्य
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय ने विशेष प्रॉपर्टी काउंटर की व्यवस्था की है। जहां छात्र अपने बैग, मोबाइल फोन व अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं जमा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें एक टोकन प्रदान किया जाएगा। इसके आधार पर परीक्षा के बाद समान वापस मिलेगा।
पहले दिन 691 अभ्यर्थियों की होगी परीक्षा
डीडीयू के प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि पहले दिन तीन विषयों में कुल 331 सीटों के लिए 691 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली में दो विषयों बीएजेएमसी ऑनर्स एवं एमए अंग्रेजी की प्रवेश परीक्षा सुबह 9 से 11 बजे तक होगी। दूसरी पाली में डीफार्म विषय की प्रवेश परीक्षा अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक होगी।