- झंगहा इलाके में हुई घटना, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
ब्रह्मपुर। झंगहा थानाक्षेत्र के नई बाजार पुलिस चौकी के सामने बुधवार भोर में 3 बजे दमन (गुजरात) से आ रही कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। कार में सवार सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद शोर सुनकर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक, झंगहा इलाके के रहने वाले अमरनाथ निषाद परिवार के साथ कार से गुजरात के दमन गए थे। वहां से सभी गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव से कुछ दूर पहले ही भोर में अचानक चालक को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस पर इतनी तेज आवाज हुई कि आसपास के लोगों के अलावा पुलिस वाले भी चौकी से बाहर आ गए। तत्काल घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में झंगहा थानाक्षेत्र के नई बाजार घटुलीघाट रोड निवासी अमरनाथ निषाद (45), उनकी पत्नी रीता निषाद (40), पुत्र शनि (19), पुत्री अंजलि (17) व अंजू (15) व उनके रिश्तेदार चौरीचौरा थानाक्षेत्र के भौवापार निवासी संजना (25) पत्नी सूरज निषाद, सूरज निषाद (27) पुत्र महेश घायल हुए हैं।