डेडलाइन खत्म, मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पाया 4201 शिक्षकों का डाटा
पडरौना। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत अध्यापकों के सत्यापन के लिए मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड होने वाला डॉटा भी समय से नहीं भरा जा सका है। शासन की तरफ से 15 जुलाई की डेडलाइन निर्धारित थी लेकिन अब भी जिले के 4201 शिक्षकों का डॉटा अपलोड नहीं हो सका है। शिक्षक व विभागीय कर्मचारी जहां नेटवर्क का रोना रो रहे हैं तो वहीं विभाग इसे शिक्षकों की लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की तैयारी में है।
प्रदेश के कई जनपदों में फर्जी शिक्षकों की नियुक्ति का मामला चर्चा में आने के बाद शासन ने मानव संपदा पोर्टल पर सभी शिक्षक, शिक्षा मित्र व अनुदेशकों व शिक्षणेतर कर्मचारियों का विवरण 15 जुलाई तक अपलोड कराना था। इसमें सेवा संबंधी विवरण (जैसे नियुक्ति तिथि, स्थानांतरण, प्रमोशन आदि) के साथ साथ समस्त शैक्षिक विवरण, पारिवारिक विवरण, वेतन संबंधी विवरण आदि भरा जाना था। जिले में 2179 प्राथमिक और 824 जूनियर विद्यालय समेत 3003 विद्यालय बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित होते हैं। इनमें सात हजार से अधिक शिक्षक, लगभग ढाई हजार शिक्षा मित्र व 250 अनुदेशक कार्यरत हैं। मंगलवार को हुई समीक्षा में पता लगा कि पडरौना ब्लॉक के 467, कप्तानगंज ब्लॉक के 401, दुदही ब्लॉक के 371, फाजिलनगर ब्लॉक के 168, हाटा ब्लॉक के 187, कसया ब्लॉक के 89, खड्डा ब्लॉक के 332, मोतीचक ब्लॉक के 335, नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के 286, रामकोला ब्लॉक के 461, सेवरही ब्लॉक के 276, सुकरौली ब्लॉक के 246, तमकुही ब्लॉक के 126, विशुनपुरा ब्लॉक के 343 समेत कुल 4201 शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का प्रमाण पत्र मानव संपदा पर अपलोड नही किया जा सका है। जबकि शासन की तरफ से चेतावनी दी गई थी कि यदि 15 जुलाई तक संबंधित डाटा अपलोड नही हुआ तो संबंधित के खिलाफ वेतन रोकने समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी।
नेटवर्क की दिक्कत है, और समय चाहिए
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे ने कहा कि मानव संपदा पोर्टल पर अभिलेख व संबंधित डाटा अपलोड कराने के लिए शिक्षक प्रयासरत हैं लेकिन साइट ही काम नहीं कर रही है। इसके चलते कई शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों का प्रमाण पत्र अपलोड नहीं हो पा रहा है। इसलिए निर्धारित समय को और बढ़ाया जाना उचित होगा। इसके लिए अधिकारियों से अपील भी की गई है।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह का भी कहना है कि साइट नहीं चलने से कंप्यूटर आपरेटर से लेकर परिषदीय कर्मचारी तक प्रमाण पत्र अपलोड करने को लेकर परेशान हैं। ऐसे में शासन की तरफ से तिथि बढ़ाई जानी चाहिए। इसके लिए संघ की तरफ से अधिकारियों वार्ता की जा रही है।
वरिष्ठ अफसरों को दी गई है सूचना
पडरौना के बीईओ एसएन प्रजापति ने बताया कि मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षक एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों के प्रमाण पत्र 15 जुलाई तक अपलोड करने की अंतिम तिथि निर्धारित थी। लेकिन साइट नहीं चलने से अब तक कई परिषदीय कर्मचारियों के प्रमाण पत्र अपलोड नहीं हो सके हैं। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई। उनके निर्देशों का पालन कराया जाएगा।
बीएसए विमलेश कुमार ने बताया कि मानव संपदा पोर्टल से संबंधित कार्य तेजी कराए जा रहे हैं। इसे समय से पूर्ण करा लिया जाएगा। प्रमाण पत्र अपलोड करने की जिम्मेदारी शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारियों की है। जिनका डॉटा अब तक अपलोड नहीं हुआ है, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।