शौचालय बने नहीं, ओडीएफ घोषित, बबुइया हरपुर के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जटहां बाजार। बबुइया हरपुर गांव के बाजार टोला के लोगों ने शौचालय न बनने से नाराज होकर बुधवार को प्रदर्शन किया। इन लोगों का कहना था कि गांव को ओडीएफ घोषित कर दिया गया है, लेकिन अभी तक अधिकांश लोगों का शौचालय नहीं बना है। इस वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बबुइया हरपुर विशुनपुरा ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है। इस गांव के बाजार टोले में शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया है। बुधवार को चंद्रिका, रामेश्वर, रहमतुल्लाह, बेचू, कुरैशा खातून, संगीता देवी, रिंकू देवी, रीता देवी, सविता, विद्यावती, रमावती, लक्ष्मीना देवी, बिशुनी देवी, कलावती देवी, रजिया खातून, सुशीला देवी, रामनरेश सहित 35 महिला और पुरुषों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए प्रदर्शन किया। इन लोगों ने बताया कि बरसात में चारो तरफ जलभराव है। ऐसे में शौच जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इनका आरोप था कि सूची में नाम नहीं होने का हवाला देकर शौचालय निर्माण नहीं कराया जाता है।
मामला संज्ञान में आने के बाद डीपीआरओ के निर्देश पर एडीओ पंचायत रामायण गुप्त गांव में पहुंचे और जांच किए। डीपीआरओ राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि सचिव से इस बारे में जवाब तलब किया जाएगा। एडीओ को सर्वे के निर्देश दिया गया है।
नाराज महिलाओं को समझाने पहुंचे डीपीआरओ
पडरौना। सदर ब्लाक के जंगल जगदीशपुर ग्राम पंचायत के टोला भरपटिया की कुछ महिलाओं ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर में शौचालय नहीं बनने पर मायके जाने की चेतावनी दी थी। इसकी जानकारी होने पर डीपीआरओ ने महिलाओं से मिलकर उनकी समस्या पूछी। डीपीआरओ राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि जंगल जगदीशपुर गांव में डिमांड के अनुसार शौचालय बन चुके हैं। महिलाओं को बताया गया कि गांव में सामुदायिक शौचालय बनवाया जा रहा है। डिमांड करने वाली महिलाओं की पात्रता की जांच कराई जाएगी। अगर वे योजना के लिए पात्र होंगी तो उनके घर में भी शौचालय बनवा दिया जाएगा।