गोरखपुर में सुबह से ही कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है। वहीं गुरुवार शाम को आधे घंटे की तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। घोषकंपनी, टाउनहाल, विजय चौक, इंदिरा बाल बिहार, गोलघर और रेती इलाके में सड़कों पर पानी लग गया।
रेती रोड की कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। कई दुकानदार और उनके कर्मचारी बाल्टी-मग से दुकान में लगे पानी को निकालने की कोशिश करते देखे गए। नालियों का बंद पानी दुकान के भीतर जाने से सामान भी खराब हो गए।
जलभराव से सबसे ज्यादा दिक्कतें घोष कंपनी और रेती रोड के दुकानदारों को हुईं। कपड़ों की कई दुकानों में पानी घुस गया। पानी से कारपेट और नीचे रखे सामान भीग गए। सड़कों पर भी एक से डेढ़ फीट पानी लग गया। कई मोहल्ले में गलियों में पानी भर गया।
उधर, जलभराव की सूचना पाकर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने अपनी टीम के साथ निरीक्षण किया। इंदिरा बाल विहार, गोलघर, मुंशी प्रेमचंद पार्क एवं शिवाय होटल के सामने जलभराव को देखा। इंदिरा बाल विहार पर शकिंग मशीन लगाकर जल निकासी की व्यवस्था करा दी गई।
नगर निगम की टीम से जलनिकासी के साथ सड़क से सिल्ट की सफाई भी करवाई। मुंशी प्रेमचंद पार्क स्थित पंपिंग स्टेशन पर लगातार पंप चलाए जाने के लिए जोनल अधिकारी एनडी पांडेय को निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने बताया कि बारिश होने से निचले इलाकों में जलभराव हो जाता है। लेकिन पुराने इलाकों में नालियों की साफ-सफाई नहीं होने से परेशानी अधिक होती है। इसका कारण नालियों के ऊपर अवैध कब्जा भी है। नगर निगम की तरफ से लगातार प्रयास किया जा रहा है कि अतिक्रमण को हटा दिया जाए।
उन्होंने बताया कि सभी जोनल अधिकारियों, सफाई निरीक्षक एवं अभियंताओं को वार्डों में निकालकर फोटो सहित लोकेशन उपलब्ध कराने के साथ-साथ जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया है।